वड़िंग ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री का राज्य में वाहनों की एंट्री पर टैक्स बढ़ोतरी वापस लेने के लिए धन्यवाद जताया

चंडीगढ़, 31 मार्च

:पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का वाहनों पर एंट्री टैक्स में की गई बढ़ोतरी के फैसले को वापस लेने के लिए आभार व्यक्त किया है। इस अवसर पर वड़िंग ने सुक्खू से फोन पर बातचीत कर अपना धन्यवाद प्रकट किया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “मैं हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी का दिल से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने हमारी अपील को स्वीकार करते हुए पंजाब समेत बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए एंट्री टैक्स को फिर से पुरानी दर पर लागू करने का निर्णय लिया है।”

वड़िंग ने कहा कि यह फैसला दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों के निवासियों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने बताया कि राज्य की सीमा से पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को दूसरे राज्य में प्रवेश के लिए मुफ्त एंट्री मिलेगी।

वड़िंग ने खुलासा किया कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया है कि ये पास दोनों राज्यों के संबंधित एसडीएम/तहसीलदारों द्वारा जारी किए जा सकते हैं, ताकि पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *