सियालका गांव में आधी रात गोलियों की बौछार, CCTV में कैद हुई दहशत – मजीठिया ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

अमृतसर, 2 अप्रैल 2026

अमृतसर के मजीठा हलके के गांव सियालका में मंगलवार देर रात अज्ञात हमलावरों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना की CCTV वीडियो भी सामने आई है, जिसे अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। वीडियो में साफ तौर पर 9 से 10 राउंड गोलियों की आवाजें सुनी जा सकती हैं।

जानकारी के अनुसार हमलावरों ने घर के बाहर लगे गेट को निशाना बनाया, जहां गोलियों के निशान मिले हैं। परिवार के सदस्यों को मौके से गोलियों के खाली खोल भी बरामद हुए हैं। गनीमत यह रही कि इस हमले में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

पीड़ित परिवार के सदस्य रशपाल सिंह का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, फिर भी इस तरह की वारदात ने उन्हें डर के साये में जीने को मजबूर कर दिया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।

इस घटना को लेकर बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए डीजीपी और मुख्यमंत्री से अपील की है कि प्रदेश में बिगड़ते हालात को तुरंत सुधारा जाए।

सूचना मिलने के बाद थाना मजीठा के एसएचओ अवतार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *