➖ भगवंत मान पंजाब के सबसे कमजोर मुख्यमंत्री साबित हुए : बिट्टू

चंडीगढ़, 9 मई :

पंजाब के लोगों ने अब अरविंद केजरीवाल के रूप में “दूसरा अहमद शाह अब्दाली” देख लिया है, जो सिर्फ पंजाब को लूटने के लिए यहां आया है। यह बात केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने आम आदमी पार्टी सरकार और अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए कही। वे चंडीगढ़ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में भाजपा पंजाब के प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी की मौजूदगी में संबोधित कर रहे थे।

बिट्टू ने कहा कि केजरीवाल और भगवंत मान को मुगलों और आक्रमणकारियों की ही याद आती है, क्योंकि उनके काम भी उसी प्रकार के हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के मंत्री, विधायक और अधिकारी लगातार भ्रष्टाचार के मामलों में पकड़े जा रहे हैं तथा पंजाब सरकार ने पूरे प्रदेश को “एटीएम” बना दिया है।

उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पार्टी ने पंजाब में सरकार बनाई थी, तब वह स्वयं को ईमानदारी का प्रतीक बताती थी, लेकिन आज उसके कई मंत्री और नेता भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे हुए हैं। बिट्टू ने कहा कि जिन मंत्रियों को आप सरकार ने स्वयं हटाया, उनकी सूची ही इस बात का प्रमाण है कि सरकार के भीतर भ्रष्टाचार कितना गहरा है।

रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि लोकतंत्र में मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री किसी एक व्यक्ति की जेब से नहीं निकलते, बल्कि जनता उन्हें चुनती है। उन्होंने कहा कि असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा की बढ़ती ताकत जनता के विश्वास का प्रतीक है और केजरीवाल को लोकतंत्र की मर्यादा समझनी चाहिए।

बिट्टू ने आरोप लगाया कि भगवंत मान अपनी ही पार्टी के नेताओं और मंत्रियों के खिलाफ मामले दर्ज करवाकर उन्हें दबाने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमन अरोड़ा समेत कई नेताओं को राजनीतिक रूप से कमजोर करने के लिए मामलों और दबाव का इस्तेमाल किया गया।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अब आम आदमी पार्टी की “किकली राजनीति” और नाटकबाजी से तंग आ चुके हैं तथा अब सरकार से काम का हिसाब मांग रहे हैं। बिट्टू ने कहा कि भगवंत मान को केवल राजनीतिक नाटक और भाषणबाजी से बाहर निकलकर पंजाब के विकास पर ध्यान देना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग अब समझ चुके हैं कि आम आदमी पार्टी का पंजाब से कोई भावनात्मक या सांस्कृतिक रिश्ता नहीं है, बल्कि केवल “ट्रांजैक्शन” का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सिख समाज का सम्मान और गौरव बढ़ा है।

बिट्टू ने कहा कि भाजपा पंजाब के सभी मुद्दों — चंडीगढ़, पंजाब के पानी, बीबीएमबी और बंदी सिखों के मुद्दे — का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार धारा 370 हटाई गई और देश में आतंकवाद तथा नक्सलवाद पर नियंत्रण पाया गया, उसी प्रकार पंजाब के मुद्दों का समाधान भी भाजपा की अगुवाई में होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में रजिस्ट्रियों से लेकर अन्य सरकारी कार्यों तक दलाली का राज कायम हो गया है और हर शहर में लोगों को लूटा जा रहा है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वह इन भ्रष्टाचार के मामलों को उजागर करे।

अंत में बिट्टू ने कहा कि पंजाब के लोग अब बदलाव का मन बना चुके हैं और आने वाले समय में पंजाब में भाजपा को मजबूत समर्थन मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *