गहन तकनीकी जांच के बाद बीएसएफ और पुलिस टीमों ने सीमा पार से संचालित इस नेटवर्क को ध्वस्त करने में हासिल की सफलता: डीजीपी गौरव यादव

चंडीगढ़, 22 मार्च:

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों पर पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त ऑपरेशन में पाकिस्तान समर्थित सीमा पार से चल रहे तस्करी मॉड्यूल के तीन मास्टरमाइंड को 24.5 किलो हेरोइन और 21 लाख रुपये की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां साझा की।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अमृतसर के गांव नूरवाल निवासी जगजीत सिंह उर्फ राणा, अमृतसर के गांव औलख खुर्द निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ प्रीत और अमृतसर के गांव धूपसड़ी निवासी रोशन सिंह के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि हेरोइन और ड्रग मनी बरामद करने के अलावा बीएसएफ और पुलिस टीमों ने एक मल्टी-कॉप्टर ड्रोन भी जब्त किया है, जिसका उपयोग पाकिस्तान स्थित तस्करों द्वारा सीमा पार से खेप पहुंचाने के लिए किया जाता था। इसके अलावा एक एसयूवी महिंद्रा थार सहित दो कारें भी जब्त की गई हैं, जिनका इस्तेमाल नशीले पदार्थों की सप्लाई के लिए किया जाता था।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों के पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के साथ सीधे संबंध थे। उन्होंने बताया कि गहन तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीमों ने इस सीमा पार नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता हासिल की है।

डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए एएनटीएफ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गुरप्रीत सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई दो चरणों में की गई थी। पहले चरण में एक मल्टी-कॉप्टर ड्रोन के साथ 12.1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। इसके बाद ड्रोन के तकनीकी डेटा, अक्षांश-देशांतर (लैटिट्यूड-लॉन्गिट्यूड) और टावर डंप के विस्तृत अध्ययन सहित फोरेंसिक विश्लेषण के बाद मनप्रीत सिंह के घर से 12.4 किलोग्राम हेरोइन की एक और खेप बरामद की गई, जिससे कुल बरामदगी 24.5 किलोग्राम हो गई।

एसपी ने बताया कि आरोपी जगजीत राणा ने हाल ही में ड्रग मनी से महंगे और पॉश इलाकों में संपत्तियां खरीदी थीं और वह कारों का शौकीन था। उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है और इस मामले में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।

इस संबंध में एफआईआर नंबर 43 दिनांक 2 मार्च 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और 23 तथा एयरक्राफ्ट एक्ट की धारा 25, 26 और 29 के तहत थाना एएनटीएफ, एसएएस नगर में मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *