कपूरथला (सुल्तानपुर लोधी): चेयरमैनी चुनाव के दौरान हिंसा, गोलीबारी से माहौल तनावपूर्ण, चुनाव स्थगित

1 अप्रैल 2026
कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी के जोन फत्तू ढींगा में ब्लॉक समिति की चेयरमैनी चुनाव के दौरान आज हालात अचानक बिगड़ गए। चुनाव से पहले ही सियासी तनाव हिंसा में बदल गया और दो गुटों के बीच तीखी झड़प के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार आम आदमी पार्टी और राणा इंदर प्रताप सिंह के समर्थकों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद चुनाव के दिन खुलकर सामने आ गया।

राणा इंदर प्रताप सिंह ने प्रशासन और विरोधी गुट पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके ब्लॉक समिति सदस्यों का अपहरण किया गया और कुछ को जबरन चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने से रोका गया। उन्होंने गोलीबारी के लिए भी विरोधी पक्ष को जिम्मेदार ठहराया। वहीं दूसरी ओर हलका इंचार्ज सज्जन सिंह चीमा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि राणा गुट ही माहौल खराब करने के लिए जिम्मेदार है और गोलीबारी में भी उनकी ही भूमिका है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम इरविन कौर ने चुनाव प्रक्रिया को तुरंत प्रभाव से स्थगित कर दिया। पुलिस द्वारा इलाके में भारी बल तैनात कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एसपी हरिंदर सिंह गिल ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना से न केवल सुल्तानपुर लोधी बल्कि पूरे कपूरथला जिले का सियासी माहौल गरमा गया है। चुनाव के दौरान हुई हिंसा ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और आने वाले दिनों में इस मामले के बड़े राजनीतिक असर देखने को मिल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *