
बठिंडा/दिल्ली (10 अप्रैल 2026)
कमल कौर हत्या मामले में नामजद आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरो को यूएई से डिपोर्ट कर भारत लाया गया है। पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस विंग के OFTEC सेल ने कार्रवाई करते हुए उसे मिडिल ईस्ट से हिरासत में लिया और दिल्ली के रास्ते बठिंडा लाया गया। दिल्ली पहुंचने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसे अपनी कस्टडी में लेकर शुरुआती पूछताछ की, जिसके बाद उसे बठिंडा पुलिस को सौंप दिया गया।
बठिंडा लाने से पहले कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें उसकी औपचारिक गिरफ्तारी, मेडिकल जांच और अदालत में पेश करने की कार्रवाई शामिल है। आरोपी के वकील मनप्रीत सिंह बराड़ ने कहा कि यह स्पष्ट किया जाएगा कि अमृतपाल ने सरेंडर किया था या उसे डिपोर्ट कर लाया गया है।
गौरतलब है कि 11 जून 2025 को बठिंडा के आदेश अस्पताल की पार्किंग में कमल कौर का शव मिला था, जिसके बाद यह मामला काफी चर्चित हो गया था। कमल कौर, जो कंचन कुमारी के नाम से फेसबुक इन्फ्लुएंसर थीं, की हत्या के मामले में अमृतपाल मेहरो को मुख्य आरोपी बनाया गया है।
*परिवार की प्रतिक्रिया:*
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मृतका की मां ने भावुक होते हुए कहा, “मेरी बेटी मुझे कभी वापस नहीं मिल सकती, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी से मुझे कुछ सुकून मिला है।” उन्होंने मांग की कि “अगर मेरी बेटी को न्याय देना है तो आरोपी को फांसी की सजा दी जाए।”
फिलहाल पुलिस ने मामले की आगे की जांच तेज कर दी है और कोर्ट में पेशी के दौरान और खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।

