
चंडीगढ़, 28 मार्च
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने डीएम गगनदीप सिंह रंधावा के घर की बिजली काटे जाने और घर के पास संदिग्ध लोगों के देखे जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सब परिवार को डराने के लिए किया जा रहा है।
भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में मुख्यमंत्री भगवंत मान से तीखे सवाल करते हुए लिखा,
“मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान जी, आपकी सरकार के राज में यह सब हो रहा है। क्या आपकी सरकार इस स्तर तक गिर जाएगी? क्या थोड़ी बहुत भी नैतिकता बची है? पहले आपके मंत्री ने डीएम गगनदीप सिंह को मानसिक रूप से इतना परेशान किया कि वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो गए, और अब आपके राज में इंसाफ के लिए लड़ रहे परिवार को तोड़ने के लिए किस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। शायद इसी कारण सरकार ने अब तक परिवार को सुरक्षा मुहैया नहीं करवाई और न ही सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। सरकार की शह पर परिवार को डराने के प्रयास हो रहे हैं। भाजपा इस तरह की हरकतों की कड़े शब्दों में निंदा करती है।”
उन्होंने कहा कि यही कारण है कि इस मामले की जांच सीबीआई से कराना जरूरी है और पूरे पंजाब में इस केस की सीबीआई जांच की मांग उठ रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि परिवार खुद को अकेला न समझे, भाजपा और पूरे पंजाब के लोग उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के दिल्ली वाले आकाओं को शायद यह नहीं पता कि पंजाबी किस मिट्टी के बने होते हैं।
उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने अपना सदस्य खो दिया, क्या वह अब इस तरह झुक जाएगा? उन्होंने सरकार से अपील की कि ऐसे हथकंडे छोड़कर परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और बिना देरी सीबीआई जांच के आदेश दिए जाएं।
उन्होंने कहा कि पार्टी न्याय की इस लड़ाई में परिवार के साथ डटकर खड़ी है।

