
इस्लामाबाद, 7 अप्रैल
पाकिस्तान में बढ़ते ऊर्जा संकट और क्षेत्रीय तनाव के बीच सरकार ने आज रात 8 बजे से ‘स्मार्ट लॉकडाउन’ लागू करने का फैसला लिया है। शहबाज शरीफ ने मुख्यमंत्रियों के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद यह घोषणा की।
सरकार के फैसले के तहत पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा, बलूचिस्तान, इस्लामाबाद राजधानी क्षेत्र, गिलगित-बाल्टिस्तान और पीओके में बाजार, शॉपिंग मॉल और सभी वाणिज्यिक प्रतिष्ठान रात 8 बजे बंद कर दिए जाएंगे। हालांकि खैबर पख्तूनख्वा के कुछ संभागीय मुख्यालयों में बाजार रात 9 बजे तक खुले रखने की छूट दी गई है।
ऊर्जा संकट की जड़ होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी है, जहां ईरान द्वारा जहाजों की आवाजाही पर रोक के बाद पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसका असर दक्षिण एशिया से लेकर यूरोप तक देखा जा रहा है, जिससे पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कमी पैदा हो गई है। इस संकट से निपटने के लिए भारत, नेपाल और बांग्लादेश ने एहतियाती कदम उठाए हैं, जबकि पाकिस्तान ने ऊर्जा बचत के लिए यह सख्त निर्णय लिया है।
सरकार के निर्देशों के अनुसार, जनरल स्टोर, डिपार्टमेंटल स्टोर और सभी प्रकार के मॉल रात 8 बजे बंद होंगे। बेकरी, रेस्टोरेंट, शादी हॉल और अन्य आयोजन स्थल रात 10 बजे के बाद बंद कर दिए जाएंगे। साथ ही निजी घरों में भी रात 10 बजे के बाद शादी समारोह आयोजित करने पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। हालांकि मेडिकल स्टोर और फार्मेसी को इन प्रतिबंधों से बाहर रखा गया है।
सरकार ने आम लोगों को राहत देने के लिए एक अहम घोषणा भी की है। गिलगित और मुजफ्फराबाद शहरों में एक महीने तक पब्लिक ट्रांसपोर्ट मुफ्त रहेगा, जिसका पूरा खर्च सरकार उठाएगी। इस बैठक में उप प्रधानमंत्री इशाक डार, योजना मंत्री एहसान इकबाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सरकार का कहना है कि यह कदम ऊर्जा की बचत और मौजूदा हालात से निपटने के लिए जरूरी है, और हालात के अनुसार आगे भी फैसले लिए जा सकते हैं।

